गाजियाबाद में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, कूलर की दुकान से 18 सिलिंडर जब्त

गाजियाबाद के मालीवाड़ा में जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। एक कूलर की दुकान पर छापेमारी कर 18 अवैध घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

गाजियाबाद। मालीवाड़ा क्षेत्र में खाद आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का पर्दाफाश किया है। जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम ने मालीवाड़ा चौक पर एक मकान के नीचे दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रखे गए 18 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों जब्त किए हैं।
बुधवार को जिला पूर्ति विभाग को सूचना मिली कि प्यारेलाल पार्क मालीवाड़ा चौक पर कूलर की दुकान में अवैध रूप से घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का भंडारण किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने विभागीय टीम गठित कर औचक निरीक्षण किया, जहां 14.2 किग्रा के नौ घरेलू, 19 किग्रा के आठ व्यावसायिक और पांच किग्रा का एक व्यावसायिक छोटू सिलिंडर समेत कुल 18 सिलिंडर जब्त किए गए।
विभागीय टीम जब्त किए गए सिलिंडरों को सिहानी गेट कोतवाली ले आई। जब्त सिलिंडरों को कालाबाजारी के उद्देश्य से जमा किया गया था। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि यह दुकान अनिल गर्ग की बताई गई है, जिनसे इस संबंध में पुलिस द्वारा पूछताछ और मामले की जांच के साथ ही संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कहा कि गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वालों की सूचना जिला पूर्ति विभाग और जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button