दिल्ली के शाहदरा में एपीके फाइल से 75 हजार रुपये की ठगी
पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

पूर्वी दिल्ली। क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एपीके फाइल डाउनलोड कराने के बाद 75 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का शाहदरा साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को दबोचते हुए ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस मामले में साइबर पुलिस ने चार आरोपित अभिषेक कुमार झा, आशीष कुमार ओझा, विवेक कुमार उर्फ मोनू और इकरार को दबोच लिया है। कृष्णा नगर निवासी सीए सोनम चौहान ने साइबर थाने में शिकायत दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कोटक महिंद्रा बैंक का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया।
आरोपित ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर वॉट्सएप के जरिए एक एपीके फाइल भेजी। जैसे ही पीड़िता ने फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और क्रेडिट कार्ड से 75,694 रुपये की खरीदारी कर ली गई।
डीसीपी शाहदरा जिला प्रशांत गौतम ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की रकम से जेप्टो ऐप के जरिए इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान मंगवाया गया, जिसकी डिलीवरी फरीदाबाद के चार्मवुड विलेज में कराई गई थी। तकनीकी जांच और मनी ट्रेल के आधार पर पुलिस टीम ने लक्कड़पुर गांव, सूरजकुंड फरीदाबाद में दबिश देकर आरोपितों की पहचान की।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित आशीष कुमार ओझा पूर्व में एक क्रेडिट कार्ड सेल्स कंपनी में कार्यरत था और उसके पास ग्राहकों का गोपनीय डाटा था। इसी डाटा के आधार पर फर्जी बैंक एपीके तैयार कर लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।




