वैष्णो देवी नगरी कटड़ा में ऑटो रिक्शा यूनियन का चक्का जाम
अवैध वाहनों पर कार्रवाई और रूट तय करने की उठी मांग

कटड़ा/जम्मू। कटड़ा ऑटो रिक्शा यूनियन की ओर से मंगलवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यूनियन के आह्वान पर ऑटो चालकों ने कामकाज ठप रखते हुए प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शन के दौरान नायब तहसीलदार कटड़ा दिनेश अंताल को मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा गया। प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद यूनियन ने शांतिपूर्ण ढंग से चक्का जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य हो गई। इस मौके पर ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान शंकर सिंह ने कहा कि कटड़ा में बिना परमिट के चल रही मारुति वैन और नीले बैटरी ऑटो ऑटो चालकों के रोजगार पर सीधा असर डाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित ये वाहन नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं, जिससे वैध ऑटो चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शंकर सिंह ने मांग की कि बिना परमिट चल रहे वाहनों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही ऑटो के लिए निर्धारित रूट तय किए जाएं, वाहनों की फिटनेस रियासी में ही करवाई जाए तथा ऑटो चालकों के लिए प्रॉपर स्टैंड उपलब्ध कराए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और चालकों व यात्रियों दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन सदस्यों ने प्रशासन से मांगों का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की। वहीं नायब तहसीलदार कटड़ा दिनेश अंताल ने यूनियन को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, रूट निर्धारण और अन्य मांगों को लेकर जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे। नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद ऑटो रिक्शा यूनियन ने चक्का जाम समाप्त कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए बाधित रही यातायात व्यवस्था दोबारा सामान्य हो गई।





