रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार सीजीएसटी इंस्पेक्टर को भेजा जेल
CGST inspector arrested for taking bribe sent to jail

गाजियाबाद। बागपत के बड़ौत में जीएसटी नंबर जारी करने के बदले में छह हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सीजीएसटी इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह को बृहस्पतिवार की शाम सीबीआई ने अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार एक कारोबारी अरमान अली ने जीएसटी नंबर लेने के लिए दो अप्रैल को आवेदन किया था। तीन अप्रैल को नंबर मिल गया था। इसके बाद वहां पर मौजूद अभिषेक स्वामी ने कहा कि साहब से बात करके बताएगा। फोन पर बताया कि इंस्पेक्टर विवेक सिंह छह हजार रुपये से कम में नहीं मानेंगे। सीबीआई से शिकायत कर आरोप लगाया था कि सीजीएसटी इंस्पेक्टर विवेक सिंह बिचौलिया अभिषेक स्वामी के माध्यम से छह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। सीबीआई ने सात अप्रैल को एंटी करप्शन ब्रांच में केस दर्ज कर बिचौलिया अभिषेक स्वामी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह फरार हो गए थे। सीबीआई ने बुधवार को इंस्पेक्टर विवेक सिंह को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया था। अदालत ने इंस्पेक्टर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।




