मध्य प्रदेश से चोरी हुआ 6 महीने का बच्चा, मुंबई में 29 लाख का बिका

ठाणे/महाराष्ट्र। कल्याण की खडकपाडा पुलिस ने मध्य प्रदेश से छह महीने के एक बच्चे के अपहरण करने के आरोप में शहाड और नवी मुंबई से छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश से अपहृत 6 माह के इस बच्चे को 29 लाख रुपये में बेचा गया था। खडकपाडा पुलिस ने महज 8 घंटे में ही इस गुत्थी को सुलझाकर आरोपियों को मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उपायुक्त सचिन गुंजाल के अनुसार, पुलिस ने 53 वर्षीय शिक्षक, उसके पूर्व छात्र और उसकी पत्नी सहित तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। बच्चे को नवी मुंबई से सकुशल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 मई को मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिविल लाइन इलाके से फुटपाथ पर सो रहे एक फेरीवाले दंपती का 6 महीने का बच्चा चोरी हो गया था। मध्य प्रदेश पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। मध्य प्रदेश पुलिस ने जांच के दौरान पता लगाया कि संदिग्ध आरोपी कल्याण के शहाड इलाके में देखे गए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस ने कल्याण के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्रीय प्रभाग) से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। इस सूचना पर खडकपाडा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
खडकपाडा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डॉ. अमरनाथ वाघमोड़े के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक (अपराध) शिवले, सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल गायकवाड, एएसआई थोके, महिला कांस्टेबल गायकवाड, पुलिस नाइक सुधीर पाटील की टीम ने 8 घंटे में ही इस मामले से जुड़े चार पुरुष और 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त सचिन गुंजाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 6 महीने के बच्चे को नवी मुंबई से सुरक्षित बचा लिया गया है।
उससे पहले मध्य प्रदेश सिविल लाइन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपहरणकर्ताओं को पकड़ा था। अपहरणकर्ताओं से पुलिस को नितिन सोनी और स्वाति सोनी उर्फ महक खान का पता चला। मध्य प्रदेश पुलिस को जानकारी मिली थी कि सोनी दंपती कल्याण में रहता है। इसकी सूचना कल्याण पुलिस को दी गई। सोनी दंपती को खडकपाडा पुलिस ने हिरासत में लियाष पूछताछ में उन्होंने बताया कि उस बच्चे को रिक्शा चालक प्रदीप कोलंबा को दिया गया था।
जब पुलिस ने प्रदीप कोलंबा को हिरासत में लिया, तो उसने बताया कि बच्चा अमोल येरुंकर और उसकी पत्नी अरवी येरुंकर के पास है। इसके बाद पुलिस ने येरुंकर दंपती को हिरासत में लिया। उनसे पता चला कि बच्चे को रायगड के पोलादपुर में रहने वाले शिक्षक श्रीकृष्ण पाटील को दिया गया है। इस सूचना के बाद आखिरकार पुलिस शिक्षक पाटील के पास पहुंची और उसे पनवेल से हिरासत में लेकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button