मुंबई में सड़क पर फटी बीएमसी की वॉटर पाइप लाइन, प्रेशर इतना की 8 मंजिला इमारत में भरा पानी

मुंबई,(महाराष्ट्र)। मुंबई में बुधवार की दोपहर करीब 3 बजे बीएमसी की वॉटर पाइप लाइन फट गई। वेस्ट वॉर्ड में अंधेरी पश्चिम के आदर्श नगर रोड स्थित ट्विंकल अपार्टमेंट के सामने यह पाइप लाइन फटी। पाइप लाइन 1200 मिमी व्यास वाली पानी की मुख्य लाइन थी जो फूट गई। पाइप लाइन फटते ही पानी फोर्स से बहने लगा। पानी का प्रेशर इतना तेज था कि वो 8 मंजिला इमारत तक पहुंच रहा था। जहां यह घटना हुई, वहां आसपास 4-5 मल्टिस्टोरीज बिल्डिंग हैं।
दो मल्टीज में पानी घुसने की भी खबर है। पास की सड़कों पर भी पानी भर गया। इस दौरान हजारों लीटर पानी बर्बाद हुआ। मुंबई को लोखंडवाला में फटी पाइपलाइन की सूचना पर बीएमसी हाइड्रोलिक डिपार्टमेंट के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में वॉटर सप्लाई बंद की गई। पाइपलाइन की मरम्मत के चलते गुरुवार को अंधेरी वेस्ट के मिल्लत नगर, एसवीपी नगर म्हाडा और लोखंडवाला एरिया में जलापूर्ति प्रभावित रही।
बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि 23 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे आदर्श नगर रोड पर ट्विंकल अपार्टमेंट के पास 1200 मिमी व्यास वाली मेन पाइप लाइन फट गई। सूचना मिलते ही निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और इस चैनल की सप्लाई बंद कर दी। कुछ देर बाद पानी का बहाव बंद हो गया। बाद में इसे ठीक कर सप्लाई फिर से शुरू कर दी गई।




