नाभा की हरजिंदर कौर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लहराया परचम, पंजाब सरकार देगी 40 लाख का नगद इनाम

पंजाब डेस्क। पंजाब की भारोत्तोलक हरजिंदर कौर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में कांस्य पदक जीत लिया है। नाभा के पास मेहस गांव की हरजिंदर कौर को पंजाब सरकार ने 40 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने का एलान किया है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि खेल विभाग की नीति के अनुसार पंजाब सरकार द्वारा हरजिंदर कौर को 40 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस गौरवान्वित खिलाड़ी की यह उपलब्धि आने वाले खिलाड़ियों विशेषकर हमारी लड़कियों को प्रोत्साहित करेगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स में 71 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली नाभा के गांव मेहस की 25 साल की वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर का अब तक सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा। हरजिंदर कौर का परिवार गांव में एक कमरे के घर में रहता है। ठेके पर जमीन लेकर खेतीबाड़ी करने के कारण परिवार की आय सीमित है। ऐसे में पिता व भाई ने कर्ज लेकर हरजिंदर कौर को खेलों के क्षेत्र में इस मुकाम तक पहुंचाया। खुद हरजिंदर कौर घर में रखीं भैंसों के लिए टोका मशीन से चारा काटने का काम करती थीं।

वेटलिफ्टर मानती हैं कि मशीन पर चारा काटने के कारण उनके बाजू मजबूत बने और आज वह इसी वजह से कॉमनवेल्थ गेम्स में सफलता हासिल करके देश का नाम रोशन कर सकी हैं। इस मौके पर गांव मेहस में वेटलिफ्टर के घर पर जश्न का माहौल था। घर पर बधाई देने के लिए आने वालों का तांता लगा था। ढोल की थाप पर सभी नाच-गा रहे थे और एक-दूसरे का मुंह मीठा करा रहे थे।हरजिंदर कौर का पहला प्यार पंजाब का प्रसिद्ध खेल कबड्डी था। इसके बाद उन्होंने रस्साकशी और फिर वेटलिफ्टिंग करना शुरू किया। धीरे-धीरे इस खेल में उनकी दिलचस्पी पैदा हो गई और उन्होंने अपने मजबूत बाजुओं के दम पर इसमें सफलता हासिल करनी शुरू कर दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button