मीडिया, न्यायपालिका, राजनीतिक दलों को डरा रही भाजपा : ममता बनर्जी

कोलकाता,(एजेंसी)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को स्कूल भर्ती घोटाले में पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के संबंध में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मीडिया ट्रायल चल रहा है और भाजपा मीडिया, न्यायपालिका और राजनीतिक दलों को डरा रही है। दरअसल, स्कूल भर्ती घोटाले को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच में वाकयुद्ध चल रहा है। इसी कड़ी में ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा है।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के संबंध में कहा कि मामला विचाराधीन है। अभी तक कुछ भी साबित नहीं हुआ है। मीडिया ट्रायल चल रहा है। भाजपा मीडिया, न्यायपालिका, राजनीतिक दलों को डरा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों की आजादी छीनने के लिए पेगासस का इस्तेमाल कर रही है, लोगों के घरों से पैसे लूटने के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है।

इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि मीडिया ट्रायल नहीं होना चाहिए तथा सच का पता लगाने का जिम्मा न्यायपालिका पर छोड़ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि कभी-कभी ऐसी खबरें गुमराह करती हैं और बदनामी करती हैं जबकि वे सच नहीं होती हैं। न्यायपालिका को सबूतों पर गौर करने दीजिए तथा सच्चाई का पता लगाकर उसे अपना फैसला सुनाने दीजिए। लेकिन कृपया मीडिया ट्रायल नहीं, दोस्तो, हमें बदनाम करने की चेष्टा नहीं कीजिए। इसके बजाय असली खबर दीजिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button