मुस्लिम परिवार को कॉलोनी में नहीं बसने देंगे! हिंदू संगठनों के विरोध के बाद मुस्लिम परिवार को बेचना पड़ा मकान
We will not allow a Muslim family to settle in the colony! Hindu organization in Muzaffarnagar warned the police of protest

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। मुजफ्फरनगर में हिंदूवादी संगठनों के विरोध के चलते मुस्लिम परिवार ने मकान बेच दिया है। मकान के रिनोवेशन के दौरान विरोध करने गए लोगों ने मजदूर और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। ये आरोप लगाते हुए मकान मालिक ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है। आरोप लगाया कि उसे फोन पर धमकी देकर उससे कई मांगे रखी गई हैं। इनका खुलासा वह समय आने पर करेगा।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भरतिया कॉलोनी के करीब 450 वर्ग गज क्षेत्र में अशोक भारती नाम के व्यक्ति ने मकान बनाया था। मकान उसकी पत्नी लक्ष्मी भारती के नाम था, जिसे मॉर्टगेज कर उसने 80 लाख रुपये का लोन ले लिया था। बैंक का कर्ज चुका न पाने पर अशोक भारती काफी परेशान था। मदीना कॉलोनी निवासी नदीम पुत्र लियाकत ने बताया कि अशोक भारती से मकान खरीद लिखा। इसके बाद मकान का रिनोवेशन कराया जा रहा था। इसी दौरान मकान के रिनोवेशन में जुटे मुस्लिम मिस्त्री और मजदूर अपने परिवार के सदस्यों को भी वही लेकर आ गए थे। विरोध करते हुए हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा कर दिया था।
नदीम ने बताया वह अवाम ए हिंद पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष है और मीरापुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। राजनीतिक विरोधियों ने षड्यंत्र रचकर मकान का बहाना बना हंगामा किया। आरोप लगाया कि मकान के रिनोवेशन में जुटे मिस्त्री और मजदूरों के परिवार वालों के साथ मारपीट की गई। कार्रवाई के लिए वो जल्द ही पुलिस से शिकायत करेगा।
नदीम ने बताया कि हंगामा और विरोध को देखते हुए उसने मकान बेच दिया है। वह मकान का बैनामा रैदास पुरी निवासी दीपचंद के नाम करेगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में उसके खिलाफ बड़ा षड्यंत्र रचा गया है। झूठे आरोप लगाए गए। नई मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बबलू कुमार का कहना है कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। उन्हें शिकायत मिलती है तो वह जांच कर कार्रवाई करेंगे। फिलहाल मौके पर पूर्ण शांति और कानून व्यवस्था कायम है।




