कानपुर के होटल में चल रहा था आईपीएल सट्टे का बड़ा खेल, 19 लाख के साथ तीन सट्टेबाज गिरफ्तार

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर में बड़े पैमाने पर सट्टे का कारोबार चल रहा है। आईपीएल की शुरूआत होते ही सट्टा बाजार सज कर तैयार हो गया था। शनिवार को कानपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने 19,05,000 लाख कैश के साथ तीन सट्टा खिलवाने वालों को अरेस्ट किया है। पकड़े गए आरोपी होटल से सट्टे का संचालन कर रहे थे। इस गैंग के सदस्य आईपीएल के साथ ही अन्य देशों में होने वाली लीग में भी सट्टा लगवाते हैं।
हरबंशमोहाल थाना क्षेत्र स्थित मेफेयरइन होटल से सट्टे का कारोबार चल रहा था। पुलिस को बीते कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि सट्टा खिलवाने वाला गैंग सक्रिय है। पुलिस बीते कई दिनों से इसकी रेकी भी कर रही थी। शनिवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने होटल में अचानक छापेमारी कर दी। होटल के रूम से 19,05,000 के कैश के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 19 लाख नकदी के साथ ही मौके से एक लेपटॉप, 7 की पैड मोबाइल, 5 स्मार्टफोन, कैलकुलेटर, सट्टे का हिसाब-किताब के कागजात, स्कूटी और क्रेटा कार बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि क्रिकेट मज्जा ऐप में आने वाले रेट के अनुसार भाव लगवाते थे। आईपीएल मैचों पर जीत हार का सट्टा अपने एजेंटों के जरिए कराते हैं।
जीत हार के लेनदेन का हिसाब किताब गैंग के सदस्य रोहित गुप्ता अपने एजेंटों के माध्यम से कराता है। इसका पूरा हिसाब किताब लेपटॉप के आई असीटेंट सॉफ्टवेयर के माध्यम से आईपीएल मैच में सट्टे की बोली लगाने वालों और लाभ—हानि का परिणाम रहता है। इसके साथ ही विदेशी खातों में भी ट्रांजेक्शन के साक्ष्य मिले है।




