गाजियाबाद में 17 वर्ष की किशोरी का मतांतरण कराकर कराया निकाह
पिता की शिकायत पर चार पर एफआईआर

गाजियाबाद। क्राॅसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में पिता ने अपनी नाबालिग बेटी का मतांतरण किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि किशोरी 27 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी।
वह तलाश कर रहे थे, इसी बीच 29 जुलाई को उनके पास बेटी का फोन आया। उसने फोन कर बताया कि उसने इस्लाम धर्म कुबूल कर लिया है और जावेद से कोर्ट मैरिज कर ली है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि उनकी बेटी का मतांतरण कराया गया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। क्राॅसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र निवासी व्यक्ति का कहना है कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 27 जुलाई की शाम करीब सात बजे बिना बताए घर से चली गई।
काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न लगने पर उन्होंने गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए 29 जुलाई को कमला टाॅकीज पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित का कहना है कि उन्हें शक था कि बहरामपुर में रहने वाला जावेद उर्फ इजाज उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है।
लेकिन 29 जुलाई की शाम को उनकी बेटी ने वाट्सएप काॅल करके बताया कि उसने इस्लाम धर्म अपनाते हुए जावेद के साथ निकाह कर लिया है और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली है। पीड़ित पिता का कहना है कि जावेद पहले से शादीशुदा है। उनकी बेटी को बहला फुसलाकर ले जाने में जावेद के जीजा चमन, मैसेरा भाई रिजवान तथा जावेद की मां का हाथ है। घटना के संबंध में पीड़ित ने क्रासिंग रिपब्लिक थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।




