Delhi Crime: पेट्रोल पंप के लाइसेंस के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी, ऐंठ लिए 40 लाख रुपये

नई दिल्ली। ईस्ट दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का आरोपी उनका एक पुराना जानकार ही है। आरोपी ने पेट्रोल पंप लाइसेंस दिलवाने के नाम पर रकम ऐंठी। बाद में बदनाम करने की धमकी देने लगा। प्रीत विहार पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बयान पर धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गुरुग्राम में रहती है पीड़ित महिला
65 वर्षीय सुमन (बदला हुआ नाम) गुड़गांव में रहती हैं। वह गृहणी हैं। पिछले 10 वर्षों से वह गाजियाबाद में रहने वाले सचिन चंद्रा को जानती हैं। वह इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में कार्यरत है। दोनों के बीच पारिवारिक संबंध थे। सचिन ने दावा किया कि उसके अपने ऑफिस में ऊपर तक के लोगों के साथ अच्छे संबंध हैं। इसलिए वह उनके नाम पर पेट्रोल पंप का लाइसेंस जारी करवा सकता है। हालांकि, इसके लिए उसने उन्हें कहा कि 40 लाख रुपये खर्च करने होंगे। सुमन का विश्वास जीतने के लिए सचिन ने पुराने संबंधों का हवाला दिया। यही नहीं सुमन को ब्लैंक चेक देने का दावा किया। प्रीत विहार इलाके में आईओसी का ऑफिस भी है। उसने कई बार सुमन को वहां और उसके पास मिलने के लिए बुलाया। उसी दौरान कई बार में महिला से 40 लाख रुपये ले लिए।
पैसे लेने के बाद भी नहीं हुआ काम
आरोपी ने 7-8 महीने में लाइसेंस दिलवाने का वादा किया। इसके बाद भी सुमन को लाइसेंस नहीं मिला। पहले तो वह टालमटोल करता रहा। फिर उसने सुमन का फोन उठाना बंद कर दिया। सुमन लाइसेंस दिलवाने या रुपये लौटाने का दबाव बनाने लगीं तो आरोपी उन्हें बदनाम करने की धमकी देने लगा। हारकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। जिस पर सोमवार को केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पता लगा है कि आरोपी आईओसी में कार्यरत है भी या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button