पाकिस्तानी हिंदू महिला ने फरीदाबाद में जुड़वां बच्चों को दिया जन्म

भारत सरकार से लगाई नागरिकता की गुहार

फरीदाबाद। पाकिस्तान से टूरिस्ट वीजा पर भारत आई महिला ने फरीदाबाद के जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। महिला का नाम है दुर्गा, वह लगभग पांच महीने पहले अपने पति पुरुषोत्तम और दो बेटियों के साथ भारत आई थी। इनके रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे व महिला पूरी तरह स्वस्थ है।
दंपती के पास पाकिस्तान की आईडी है और वह दिल्ली के भाटी माइंस क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं और फिलहाल मेहनत-मजदूरी करके जीवन यापन कर रहे हैं।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विकास गोयल ने बताया कि जच्चा-बच्चा बिल्कुल ठीक हैं। उनके पास यहां के परिवार पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज नहीं थे।
दुर्गा का कहना है कि पाकिस्तान में हिंदू समुदाय पर बढ़ते अत्याचारों के कारण उन्होंने यहां आने का निर्णय लिया। वह इस देश में मिल रही सुरक्षा और सुविधाओं से संतुष्ट हैं और अपने बच्चों का भविष्य यहीं देखती हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि उनके बच्चों को यहां की नागरिकता दी जाए, क्योंकि वे भारत में जन्मे हैं। उनका परिवार पाकिस्तान नहीं लौटना चाहता है।
पति पुरुषोत्तम ने भी भारत में स्थायी रूप से बसने की इच्छा जताई है और सरकार से निवास की अनुमति मांगी है। इनका टूरिस्ट वीजा 23 दिसंबर 2024 से 20 जून 2025 तक वैध था, जो अब समाप्त हो चुका है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button