राजस्थान चुनाव से पहले जेल से बाहर आया राम रहीम, 21 दिन की फरलो मिली

रोहतक/हरियाणा। साध्वी यौन शोषण मामले एवं पत्रकार छत्रपति हत्या मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को एक बार फिर फरलो दी गई है। राम रहीम को 21 दिन की फरलो मिली है। राम रहीम मंगलवार दोपहर को 1 बजकर 45 मिनट पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुनारियां जेल से बाहर निकला। राम रहीम को उतर प्रदेश के बरनावा आश्रम में ले जाया जा रहा है। इससे पहले राम रहीम 7 बार जेल से बाहर आ चुका है। अब 8वीं उसे 21 दिन फरलो मिली है। राम रहीम को फरलो मिलना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि मध्य प्रदेश और राजस्थान के चुनाव को देखते हुए उसे फरलो दी गई है।
पहले भी जेल से बाहर आ चुका है राम रहीम
इससे पहले 20 जुलाई को 30 दिन की परोल मिली थी और वह 20 अगस्त को वापस जेल लौट आया था। राम रहीम को इसी साल 21 जनवरी को 40 दिन की परोल मिली थी। गुरमीत राम रहीम को दो साध्वियों से यौन शोषण मामले में 10-10 साल और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा हुई है।
राम रहीम को 25 अगस्त 2017 को रोहतक की सुनारिया जेल में लाया गया था। पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में पेशी के दौरान व्यापक पैमाने पर हिंसा हुई थी। इसके बाद हेलिकॉप्टर के जरिए उसे सुनारिया जेल लाया गया। 28 अगस्त को जेल परिसर में ही सीबीआई की विशेष कोर्ट लगी और सीबीआई जज जगदीप सिंह ने राम रहीम को दो साध्वियों से यौन शोषण मामले में 10-10 साल की सजा सुनाई थी। जनवरी 2019 में सीबीआई की विशेष अदालत ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अक्टूबर 2021 में डेरा के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह हत्याकांड में भी राम रहीम को उम्रकैद की सजा हुई थी। जेल परिसर में राम रहीम को अलग बैरक में रखा गया है। जेल परिसर में राम रहीम से समय-समय पर परिजन और वकील मुलाकात करते रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button