चोरी के आरोप में बच्चों को दी खौफनाक सजा, वीडियो वायरल होने पर लोगों की युवकों पर कार्रवाई की मांग

जालौन/उत्तर प्रदेश। यूपी के जालौन में चोरी के आरोप में लोगों ने दो नाबालिक बच्चों को पकड़ लिया और उन मासूम बच्चों को तालिबानी सजा दी गई। बच्चों के साथ मारपीट करने वाले लोगों ने उनके साथ काफी बुरा व्यवहार किया। बच्चों को मारने के साथ-साथ उन्हें बीच सड़क पर सरेआम घसीटा गया। वहां पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि, यह देख सब नजारा देख लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी बच्चों को बचाने की जहमत नहीं उठाई। अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मारपीट करने वालों की तलाश में जुट गई है।
दरअसल, पूरा मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के कालपी रोड का बताया जा रहा है। यहां पर दो नाबालिक बच्चों को दो युवकों ने चोरी के शक में पकड़ लिया। इस बीच एक युवक दोनों नाबालिग बच्चों को घसीटते हुए अपने साथ ले गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जैसे ही सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल हुआ उरई कोतवाली पुलिस हरकत में आई। साथ ही यह पता लगाने के प्रयास में जुट गई कि किन युवकों ने उन दोनों नाबालिक बच्चों के साथ मारपीट की।
बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ। लोगों का कहना है कि चोरी के आरोप में किसी मासूम को इतना प्रताड़ित कैसे किया जा सकता है कि उन्हें बीच सड़क पर घसीटा जाएं। ऐसे करने वाले लोग समाज में अपनी गंदी मानसिकता का प्रचार कर रहे हैं। इन लोगों के खिलाफ पुलिस को सख्त एक्शन लेना चाहिए और बाल संरक्षण कानून का पालन किया जाना चाहिए।
उरई के क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि कुछ युवकों ने नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। मारपीट का वीडियो उनके संज्ञान में आया है। तत्काल सूचना मिलने पर उरई कोतवाली पुलिस को भेजा गया है। साथ ही उस स्थान पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है। मारपीट करने वाले युवकों की पहचान होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।




