जिला जज के निलंबन की मांग, गाजियाबाद में वकीलों का धरना-प्रदर्शन जारी, हापुड़ रोड पर लगाया जाम

Demanding suspension of District Judge, lawyers' protest continues in Ghaziabad, Hapur Road blocked

गाजियाबाद। गाजियाबाद में बेल को लेकर जिला जल और वकीलों का विवाद अब हंगामे में बदल गया है। वकील पिछले 11 दिन से हड़ताल पर हैं। सोमवार को वकीलों ने हापुड़ रोड पर जाम लगाया और 2 घंटे तक रोड पर ही धरने पर बैठे रहे। इसके कारण पुलिस को कलेक्ट्रेट के सामने से गुजरने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट करना पड़ा। शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। अब मंगलवार को वकीलों ने धरना देने के साथ संबंधित जज का पुतला दहन करने की घोषणा की है। वकील जज को सस्‍पेंड करने की मांग पर अड़े हैं।दरअसल, 29 अक्टूबर को एक मामले के आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान जिला जज और वरिष्ठ अधिवक्ता नाहर सिंह यादव के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसको लेकर गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के वकील आंदोलन कर रहे हैं।
पश्चिमी यूपी के 22 जिलों के वकीलों की गुरुवार को हुई बैठक में सोमवार से प्रतिदिन 2 घंटे के लिए रोड जाम करने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत सोमवार को वकील सड़क पर बैठ गए। ट्रैफिक पुलिस ने वकीलों की घोषणा को देखते हुए पहले से ही डायवर्जन की तैयारी कर ली थी। सोमवार को करीब 12 बजे जैसे ही वकील हापुड़ रोड पर आए। पुलिस ने हापुड़ चुंगी, पुराने बस अड्डे और नए बस अड्डे से वाहनों को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट कर दिया। इससे पुराने बस अड्डे चौराहे, हिंट चौक, नए बस अड्डे चौराहे, आंबेडकर रोड, घंटाघर, जीटी रोड पर वाहन चालकों को जाम से जूझकर जाना पड़ा।
एडीसीपी ट्रैफिक पीयूष कुमार सिंह का कहना है कि यातायात हापुड़ रोड पर पुराने बस अड्डे और हापुड़ चुंगी की तरफ रोक दिया गया था। इसके लिए ट्रैफिककर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। वकील दोपहर करीब 2 बजे हापुड़ रोड से हट गए। वहीं, बार असोसिएशन के सचिव अमित नेहरा ने कहा कि मंगलवार को वकील 12 बजे से 2 बजे तक हापुड़ रोड पर बैठकर धरना देंगे और जिला जज का पुतले दहन करेंगे। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान नाहर सिंह यादव, दीपक शर्मा, योगेंद्र कौशिक, सुमित चौधरी, विनोद त्यागी, लक्ष्मण नारायण, अर्चना त्यागी, पूनम गुप्ता समेत कई वकील रहे।
वकीलों पर लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को तहसील बार असोसिएशन के नेतृत्व में धरना दिया गया। वहीं, असोसिएशन के अध्यक्ष योगेश कुमार त्यागी ने बताया कि मंगलवार को रजिस्ट्री ( पंजीयन ) का कार्य होगा। न्यायिक कार्य से वकील विरत रहकर धरना देंगे। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसे ध्यान में रखते हुए संगठन ने मंगलवार को रजिस्ट्री का कार्य करने का फैसला लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button