सड़क पर दौड़ रही कार अचानक आग के गोले में हुई तब्दील, ऊंची लपटें देखकर कांप गई लोगों की रूह

गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक ही दिन चलते हुए दो वाहनों में अलग अलग आग लगने की घटना सामने आई है। एक कार और एक ट्रक में भीषण आग लगी, जिससे सड़क पर अफरा तफरी मच गई । मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के वर्धमान पुरम चौकी के पास मेरठ रोड पर रविवार दोपहर एक अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक व उनके साथी ने कार को सड़क पर साइड में लगाया और नीचे उतरकर जान बचाई। अंदेशा जताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी है। मौके पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि दिल्ली के प्रियांशु अपनी अर्टिगा कार से अपने साथी के साथ मुजफ्फरनगर से दिल्ली लौट रहे थे। जब वह वर्धमान पुरम चौकी से आगे मैनापुर के पास मेरठ रोड पर पहुंचे तो अचानक बोनट से धुआं उठा। इसके बाद आग लग गई।
उन्होंने तत्काल कार को साइड में लगाया और नीचे उतरकर जान बचाई। कार में सीएनजी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और यातायात प्रभावित हुआ। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। नगर कोतवाली फायर स्टेशन से दो गाड़ी रवाना की गईं, लेकिन एक ही गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
चलते हुए ट्रक में भी लगी आग
मसूरी थाना क्षेत्र के एनएच-9 पर शनिवार देर रात हापुड़ की तरफ से आ रहे एक ट्रक में भी अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को कब्जे में ले लिया। इस हादसे में ट्रक व ट्रक में भरा हुआ सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और एनएच-9 पर जाम की स्थिति बन गई। घटना के दौरान ट्रक के चालक व परिचालक ने नीचे कूदकर जान बचाई। शार्ट सर्किट से आग का अंदेशा जताया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शनिवार रात एक ट्रक हापुड़ से गाजियाबाद की तरफ आ रहा था। ट्रक में साबुन और सर्फ समेत अन्य सामान लदा हुआ था। जब ट्रक मसूरी क्षेत्र में एनएच-9 पर तो उसके बोनट से धुआं उठा और आग लग गई। इससे पहले की ट्रक में मौजूद चालक व परिचालक कुछ समझ पाते आग तेजी से फैल गई। आग ने ट्रक को पूरी तरीके से अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसे आसपास के वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस व दमकल विभाग से एक गाड़ी मौके पर पहुंची तथा दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि आग लगने से ट्रक का काफी हिस्सा जल गया और इसके साथ ही उसमें लदा काफी सारा सामान भी जलकर राख हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button